34 C
Delhi
Sunday, May 5, 2024

बिहार में एक बार फिर से नीतीशे कुमार, NDA ने हासिल किया बहुमत; RJD बनी सबसे बड़ी पार्टी

बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव परिणाम सामने आ चुके हैं। मतों की गिनती के बाद स्थिति अब बिल्कुल साफ हो गई है और बिहार में एक बार फिर नीतीशे कुमार को सत्ता मिली है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से एनडीए को 125 और तेजस्वी यादव की अगुवाई वाली महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं। पार्टी वाइज प्रदर्शन की बात करें तो इस बार के चुनाव में आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसके बाद बीजेपी और जेडीयू का स्थान है।

मंगलवार सुबह शुरू हुई वोटों की गिनती के बाद से रूझान उपर नीचे होते रहे। कभी एनडीए बीस तो कभी महागठबंधन। लेकिन आखिरी तक आते-आते एनडीए ने जीत हासिल कर ली है। एनडीए ने बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 125 हासिल की है। राज्य में कुछ सीटों पर जीत और हार के बीच का फासला काफी कम रहा है। 

बिहार चुनाव परिणाम में जैसे-जैसे एनडीए को बहुमत मिलते दिखा वैसे-वैसे आरोपों का दौर भी शुरू हो गया। आरजेडी ने ट्वीट कर कहा कि 119 सीट जीतने के बाद टीवी पर 109 दिखाया जा रहा है। नीतीश कुमार सभी अधिकारियों को फ़ोन कर धांधली करवा रहे हैं। फाइनल रिजल्ट आने और बधाई देने के बाद अब अधिकारी अचानक कह रहे हैं कि आप हार गए हैं। आरजेडी नेता मनोज झा ने भी नीतीश सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि नतीजा बदल रहा है महाराजगंज, त्रिवेणीगंज, कटिहार समेत कई ऐसी जगह पर सर्टिफिकेट नहीं दिया जा रहा है और टालमटोल किया जा रहा है।

आरजेडी के आरोपों पर चुनाव आयोग की सफाई भी सामने आई। चुनाव आयोग ने साफतौर पर कहा कि वो किसी के दबाव में काम नहीं कर रहे हैं। वो नियम के मुताबिक अपना काम कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने कहा कि जिन सीटों पर जीत और हार का फासला काफी कम है तो वहां पर रिकाउंटिंग भी संभव है लेकिन नियम के अनुसार ही।

बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि बिहार ने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है। पीएम ने कहा कि बिहार के हर वर्ग ने एनडीए के मूल मंत्र पर भरोसा जताया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ”बिहार के गांव-गरीब, किसान-श्रमिक, व्यापारी-दुकानदार, हर वर्ग ने NDA के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र पर भरोसा जताया है। मैं बिहार के हर नागरिक को फिर आश्वस्त करता हूं कि हर व्यक्ति, हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए हम पूरे समर्पण से निरंतर काम करते रहेंगे।”

उन्होंने कहा, ”बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पहला पाठ पढ़ाया है। आज बिहार ने दुनिया को फिर बताया है कि लोकतंत्र को मजबूत कैसे किया जाता है। रिकॉर्ड संख्या में बिहार के गरीब, वंचित और महिलाओं ने वोट भी किया और आज विकास के लिए अपना निर्णायक फैसला भी सुनाया है।”

इस विधानसभा चुनाव में राजग से नाता तोड़कर अपने बूते पर मैदान में उतरी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के हिस्से में सिर्फ एक सीट आई है। गौरतलब है कि पार्टी का कमान संभालने के बाद रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान से जद(यू) और नीतीश कुमार से विरोध जताते हुए अकेले दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

राजद नेता तेज प्रताप यादव ने हसनपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी जदयू के राजकुमार राय को 21,139 मतों से पराजित किया। वहीं, हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने इमामगंज सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी राजद के उदय नारायण चौधरी को 16,034 मतों से पराजित किया।

बहरहाल, बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद के विश्वासपात्र भोला यादव क्रमश: दरभंगा जिले के केवटी और हायाघाट सीटों पर अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वियों से हार गए हैं। सिद्दीकी केवटी सीट से भाजपा के मुरारी मोहन झा से 5267 वोटों के अंतर से हारे। वहीं भोला यादव को हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के राम चंद्र प्रसाद ने 10252 वोटों के अंतर से हराया।

दरभंगा सदर सीट से भाजपा के निवर्तमान विधायक संजय सरावगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के अमरनाथ गामी को करीब 10639 मतों से पराजित किया। दरभंगा ग्रामीण सीट से राजद के ललित कुमार यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जदयू के फ़राज़ फातमी को 2,141 मतों से पराजित किया।

जिले के बहादुरपुर सीट से नीतीश कुमार के कैबिनेट में मंत्री और जदयू उम्मीदवार मदन सहनी ने अपने निकटतम राजद प्रतिद्वंद्वी आर के चौधरी को हराया। जिले के कुशेश्वरस्थान सीट से जदयू के शशिभूषण हजारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक कुमार 7222 मतों से पराजित किया।

दरभंगा के गौराबौडाम विधानसभा क्षेत्र से विकासशील इंसान पार्टी की स्वीटी सिंह ने राजद के अफजल अली खान को 7,280 मतों के अंतर से पराजित किया। जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से विकासशील इंसान पार्टी के मिश्री लाल यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के बिनोद मिश्रा को 3101 मतों के अंतर से पराजित किया। जिले के जाले निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा विधायक जिबेश कुमार ने कांग्रेस के मशकूर अहमद उस्मानी को 21796 मतों के अंतर से पराजित किया।

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने सरायरंजन से अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी को 4000 मतों के अंतर से पराजित किया। वाल्मिकीनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में मतगणना के रुझान में जदयू उम्मीदवार सुनील कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के प्रवेश कुमार मिश्रा से 22 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रमंडल खेल में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक विजेता श्रेयसी सिंह ने जमुई सीट पर भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की। पहली बार चुनाव लड़ रही श्रेयसी ने यह सीट वर्तमान विधायक विजय प्रकाश से छीनी है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी प्रकाश को 41 हजार मतों से पराजित किया। मतगणना के परिणामों के अनुसार, सीमांचल क्षेत्र में औवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।

anita
anita
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles