सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही वृंदावन के विश्वविख्यात श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुर जी के दर्शन का समय बदल गया है। अब ठाकुर जी सुबह देर से जागेंगे और शाम को जल्दी सो जाएंगे। इसके कारण भक्तों के लिए भी ठाकुर जी के दर्शन का समय परिवर्तित हो गया है। ठाकुर जी के दर्शन की परिवर्तित व्यवस्था शनिवार को भैया दूज प्रभावी हो जाएगी।
शरद पूर्णिमा से ठाकुर बांकेबिहारी के भोग प्रसाद और पोशाक बदली गई थी। सर्दी को देखते हुए थोड़े गर्म पदार्थ और पंचमेवा ठाकुर जी को भोग प्रसाद में दिए जा रहे थे। अब भैया दूज से यह व्यवस्था और परिवर्तित हो गई है। अब श्रीबांकेबिहारी जी सुबह देर से जागेंगे इससे भक्तों को भी देर से ही दर्शन संभव होंगे।
शनिवार 6 नवम्बर से हो रहे बदलाव पर मंदिर प्रबंधक (प्रशासन) मुनीश कुमार शर्मा ने बताया कि सुबह 8.45 से दोपहर एक बजे आम लोग अब ठाकुर जी का दर्शन कर सकेंगे। श्रंगार आरती सुबह 8.55 बजे, राजभोग आरती 12.55 बजे होगी। सायंकालीन दर्शन 4.30 बजे से रात्रि 8.30 तक हो सकेगी। शयनभोग आरती रात्रि 8.25 बजे होगी। अभी तक रात 9.25 बजे शयन आरती होती थी।