शाहदरा पुलिस ने विवेक विहार से वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी चोरी के बाद वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे और इसके बाद उन्हें दिल्ली से दूसरे राज्यों तक पहुंचाते थे। पुलिस ने आरोपी विजय पाल और खजान सिंह से दो कारें बरामद की हैं। आरोपी विजय पाल राजस्थान के अलवर का रहने वाला है, जबकि खजान सिंह उत्तराखंड के उधम सिंह नगर का रहने वाला है।
डीसीपी आर साथियासुंदरम ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली कि वाहन चोरी करने वाले बदमाश विवेक विहार के रामप्रस्थ लालबत्ती से गुजरने वाले हैं। विवेक विहार थाने की पुलिस लालबत्ती पर पहुंची और जांच शुरू कर कर दी। इस दौरान संदिग्ध लगने पर पुलिस ने एक कार को जांच के लिए रोका। जांच में कार का नंबर फर्जी निकला। चेसिस नंबर से पता चला कि कार विवेक विहार इलाके से चोरी की गई है। पुलिस ने आरोपियों से एक और कार बरामद की। दोनों आरोपी दिल्ली से कार चोरी कर पूर्वोत्तर के राज्यों में ले जाकर बेचते थे।