नई दिल्ली, 20 मार्च 2025, गुरुवार। राज्यसभा में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और मोदी सरकार की उपलब्धियों को गर्व के साथ पेश किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने ऐसे काम कर दिखाए हैं, जिनकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। त्रिवेदी ने जोर देकर कहा कि अब वह समय चला गया जब शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाए जाते थे। आज का भारत एक गोली का जवाब चार गोलियों से देता है।
उन्होंने आतंकवाद और अपराध के खिलाफ सरकार की सख्ती को रेखांकित किया। त्रिवेदी ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2004 से 2014 के बीच देश में 7,214 आतंकवादी घटनाएं हुई थीं, लेकिन 2014 से 2024 के दौरान यह संख्या घटकर 2,240 रह गई, यानी 69 प्रतिशत की कमी आई। नागरिकों की मृत्यु में 81 प्रतिशत और सुरक्षाबलों की शहादत में 46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कश्मीर में पत्थरबाजी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2010 में 2,654 घटनाएं हुई थीं, जो अब शून्य हो चुकी हैं। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह बात उन्हें नहीं दिखेगी जिनकी समझ पर पत्थर पड़ गए हैं।
त्रिवेदी ने गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में 2019 में अनुच्छेद 370 को हटाकर कश्मीर के दर्द को खत्म किया गया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि सरदार पटेल ने जहां राज्यों का एकीकरण किया था, वहीं अमित शाह ने कश्मीर के एकीकरण की अधूरी कड़ी को पूरा किया।
विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए त्रिवेदी ने कहा कि ये वही लोग हैं जो संसद पर लगे शेर को भी आक्रामक मानते थे और कोर्ट तक चले गए थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत को कमजोर देखना चाहता है, लेकिन अब देश शिवाजी, महाराणा प्रताप और गुरु गोविंद सिंह जैसे नायकों से प्रेरणा लेने वाली सरकार के हाथों में है।
उन्होंने 26/11 के मुंबई हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस वक्त 2007 में हवाना में यह कहा गया था कि पाकिस्तान भी आतंकवाद का शिकार है। लेकिन मोदी सरकार ने साफ कर दिया कि आतंकवाद से कोई समझौता नहीं होगा। त्रिवेदी ने कहा कि अब टेरर के साथ टॉक का दौर खत्म हो चुका है। लखनऊ की शैली में तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब शांति के कबूतर नहीं उड़ते, बल्कि गुरु गोविंद सिंह जी के पाठ गूंजते हैं।