कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और वन मंत्री उमेश कट्टी का मंगलवार रात करीब 10 बजे एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 61 साल के थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। बोम्मई ने कहा, “मैंने अपना एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह मेरे लिए भाई की तरह थे। उन्हें दिल की कुछ समस्या थी, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे। उन्होंने राज्य के लिए बहुत काम किया। उन्होंने कई विभागों को कुशलता से संभाला। यह राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”