केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में कहा कि मोदी सरकार ने यूपीए के कार्यकाल से ज्यादा नौकरियां दीं। उन्होंने बताया, यूपीए की सात साल की सरकार में 2007 से 2013-14 तक 6.19 लाख भर्तियां की गईं। जबकि मोदी सरकार में 6.98 लाख भर्तियां की जा चुकी हैं। इसमें कोरोना से लॉकडाउन के कारण खराब हुआ डेढ़ साल का समय भी शामिल है। मंत्री ने कहा, अब केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए देश में एक राष्ट्रीय भर्ती परीक्षा होगी।
सरकार ने राज्यसभा को बताया कि भारत के पास 2024 तक नौ परमाणु रिएक्टर हो जाएंगे। इसके साथ ही हरियाणा में पहला परमाणु रिएक्टर भी बन जाएगा। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2024 तक 9 परमाणु रिएक्टर के साथ 9000 मेगावाट के 12 नए अतिरिक्त रिएक्टर तैयार हो जाएंगे।