दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज राजनेता और स्वतंत्रता सेनानी अजीज पहाड़ का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को जोहानिसबर्ग में अंतिम सांस ली। परिवार ने एक बयान में कहा कि हम भारी मन से यह घोषणा कर रहे हैं कि अजीज गुलाम हुसैन पहाड़ का 27 सितंबर, 2023 की शाम को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
तीन महीने पहले ही अजीज पहाड़ के बड़े भाई और उनके साथी कार्यकर्ता रहे एस्सोप गुलाम पहाड़ का निधन हुआ था। पहाड़ बंधु छोटी उम्र में ही दक्षिण अफ्रीका में ट्रांसवाल इंडियन कांग्रेस के सदस्य के रूप में रंगभेद के खिलाफ आंदोलन में शामिल हो गए थे। बाद में दोनों को निर्वासित जीवन जीना पड़ा था, लेकिन उन्होंने अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस (एएनसी) में अग्रणी भूमिका निभाई और नेल्सन मंडेला को रिहा कराने के लिए एएनसी के संघर्ष में शामिल रहे।