राजस्थान के कोटा शहर में महाशिवरात्रि पर निकाली जा रही शिव बरात के दौरान हादसा हो गया। हाइटेंशन वायरल की चपेट में आने से 14 बच्चे झुलस गए। एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी बच्चों को एमबीबीएस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हादसा कुन्हाड़ी थर्मल चौराहे के पास दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब हुआ। शिव बरात में कई बच्चे धार्मिक झंडे लेकर चल रहे थे। इस दौरान एक झंडा हाइटेंशन लाइन से टच हो गया। इससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद एकाएक अफरा-तफरी मच गई। जिसे जो मिला, उसे अस्पताल लेकर दौड़ा। तत्काल बच्चों को एमबीबीएस अस्पताल ले जाया गया। वहां एक बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया है। घायल बच्चों के परिजनों ने अस्पताल पहुंचे आयोजकों की पिटाई कर दी है।
हर साल काली बस्ती में शिव बरात का आयोजन होता है। ज्यादातर बच्चे अपने परिजनों के बिना ही शिव बरात का हिस्सा बनने पहुंच गए थे। लोगों का कहना है कि आयोजकों की गलती से यह हादसा हुआ है। इसी वजह से जब आयोजक अस्पताल पहुंचे तो नाराज परिजनों ने उनकी पिटाई कर दी।