बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा इन दिनों सवालों के कटघरे में हैं। पोर्न वीडियोज बनाने और उन्हें एप्स पर अपलोड करने के आरोप में मुंबई की क्राइम ब्रांच ने उन्हें गिरफ्तार किया है। पोर्नोग्राफी के इस पूरे मामले में मुंबई पुलिस की जांच-पड़ताल जोरों पर है। पुलिस लगातार यही दावा कर रही है कि राज कुंद्रा ही इस रैकेट के असली मास्टरमाइंड हैं। राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद तमाम लोगों से पूछताछ चल रही है। हाल ही में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा को भी समन भेजा था। इसी बीच कुछ तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें शर्लिन क्राइम ब्रांच के ऑफिस के बाहर नजर आईं। अब शर्लिन से इस पूरे मामले में पूछताछ होनी है।