39 C
Delhi
Monday, May 20, 2024

पुलिस सुरक्षा मांगने आए पॉलीटेक्निक छात्रों को झाबुआ एसपी ने नशे में दी गालियां, शिवराज ने हटाया

मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के एसपी अरविंद तिवारी का एक ऑडियो वायरल हो गया है। इसमें वह पुलिस सुरक्षा मांगने आए पॉलीटेक्निक छात्रों के साथ अभद्र भाषा में बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर सख्ती बरतते हुए सुबह नियमित बैठक में डीजीपी और मुख्य सचिव को एसपी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद ऑडियो की जांच कराई। एसपी की आवाज की पुष्टि करने के बाद दोपहर को मुख्यमंत्री ने उन्हें निलंबित कर दिया है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार सुबह नियमित समीक्षा बैठक में कहा कि झाबुआ एसपी को तत्काल हटाइए। जिस भाषा में वह बात कर रहे हैं, वह अशोभनीय हैं। बच्चों के साथ कोई इस तरह कैसे बात कर सकता है? उन्हें तत्काल इसी क्षण हटाया जाए।

ऑडियो बना निलंबन का कारण

दरअसल, एक ऑडियो सामने आया है। इसमें पॉलीटेक्निक कॉलेज का एक छात्र दावा करता है कि कॉलेज लड़ाई हो गई है। कुछ लोग मार रहे हैं। हम 40 छात्र थाने आए हैं। हमें सुरक्षा दी जाए। दूसरा पक्ष डंडे एवं अन्य हथियारों के साथ हमला कर सकता है। हमारी जान को खतरा है। इस पर गुस्साए एसपी ने उनसे कहा कि तुम लोग पढ़ाई करने आते हो कि मारपीट करने। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज भी की। साथ ही सभी छात्रों को अंदर करने की धमकी दी। कहा कि उससे अच्छी सुरक्षा कहीं और नहीं मिल सकती। यह भी कहा कि चालीस बच्चे हैं तो क्या, सबको अंदर कर देंगे। बातचीत में ऐसा लग रहा है कि एसपी नशे में हैं। उन्होंने नशे में ही बच्चों के साथ गाली-गलौज की है।

तबादला आदेश जारी
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अरविंद तिवारी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर स्थानांतरित करने के आदेश जारी हो गए। हालांकि, इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऑडियो में आवाज एसपी की है या नहीं, इसकी जांच के आदेश भी दिए थे। एसपी की आवाज की पुष्टि के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।

दोपहर को निलंबन के आदेश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोपहर को कहा कि सुबह मुझे जानकारी मिली थी कि तत्कालीन झाबुआ एसपी ने मेरे भांजों ने कुछ मांग की थी तो उन्हें अपशब्द बोले थे। मैंने तत्काल हटाने के निर्देश दिए थे। सुबह ही जांच के आदेश दिए थे कि क्या वास्तव में यह उनकी ही आवाज है। मेरे पास रिपोर्ट आ गई है। यह तत्कालीन एसपी की ही आवाज थी। बच्चों के लिए जो अपशब्दों का इस्तेमाल करें, यह मैं किसी भी कीमत पर सहन नहीं कर सकता। तत्काल प्रभाव से तत्कालीन झाबुआ एसपी को मैं सस्पेंड करता हूं।

 

anita
anita
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles