45.1 C
Delhi
Sunday, June 16, 2024

प्रियंका बोलीं- मोदी सरकार की नीतियों से पिस रहा गरीब और मध्यम वर्ग

मोदी सरकार में सिर्फ अडानी-अंबानी और खरबपतियों की तरक्की हो रही

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने किया झारखंड में चुनाव प्रचार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को झारखंड में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि मोदी सरकार में सिर्फ अडानी-अंबानी और खरबपतियों की तरक्की हो रही है। इस सरकार की सभी नीतियां बड़े-बड़े खरबपतियों के लिए बन रही हैं। मोदी सरकार की नीतियों से गरीब और मध्यम वर्ग पिस रहा है।

झारखंड के गोड्डा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खरबपतियों को देश की संपत्ति दे रहे हैं और उनका लाखों करोड़ रूपये का कर्ज भी माफ कर रहे हैं। देश की जनता महंगाई से जूझ रही है। किसानी के सामानों पर जीएसटी लगा दी गई है। खेती से कमाई नहीं होती, किसानों को कर्ज लेना पड़ता है। किसानों को ना उपज का सही दाम मिल रहा है और ना खराब फसलों का मुआवजा मिलता है। आज देश में 45 वर्षों में सबसे अधिक बेरोजगारी है। लेकिन नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं को इन सब से कोई फर्क नहीं पड़ रहा।

विशाल जनसमूह के बीच कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों को मजबूत करने की नीतियां बनाई हैं। मोदी सरकार ना आदिवासियों को समझती है और ना आदिवासियों के लिए सही नीतियां बनाती है। झारखंड में हेमंत सोरेन को चुनाव से पहले ही साजिशन जेल में डाल दिया जाता है। नरेंद्र मोदी ने सोचा होगा कि अगर हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया जाए तो चुनाव आसानी से जीत जाएंगे। लेकिन आदिवासी समाज में इतनी शक्ति है कि कल्पना जी हेमंत सोरेन जी की लड़ाई लड़ रही हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, भाजपा नेता कह रहे हैं कि अगर उन्हें पूर्ण बहुमत मिल गया तो वे संविधान बदल देंगे। इस संविधान ने आदिवासियों को जल-जंगल-जमीन का अधिकार दिया है, आरक्षण दिया है। मोदी सरकार ने हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया। राहुल गांधी पर मुकदमे लगा दिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री को भी जेल में डाल दिया गया। कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को बंद कर दिया गया। इसके साथ-साथ न्यायपालिका पर भी आक्रमण किया जा रहा है। देश के टीवी चैनलों को नरेंद्र मोदी के खरबपति मित्रों ने खरीद लिया है। इंडिया गठबंधन जनता की लड़ाई लड़ रहा है। कुछ भी हो जाए, इंडिया गठबंधन संविधान नहीं बदलने देगा। आरक्षण को कमजोर नहीं होने देगा।
 
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा और उनके खरबपति मित्रों की नजर आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन पर है। यहां आदिवासियों की जमीनें मोदी के मित्र अडानी को दे दी गईं। मोदी सरकार में सभी नीतियां सिर्फ बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। नरेंद्र मोदी ने देश के पोर्ट, एयरपोर्ट, कारखाने, खदानें सभी अपने मित्र अडानी को सौंप दी हैं।

प्रियंका गांधी ने जनता से इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव में ईवीएम पर कांग्रेस पार्टी का बटन दबाने के साथ ही हेमंत सोरेन की रिहाई का रास्ता भी खुलेगा। हम देश में एक ऐसी सरकार बनाएंगे, जिसके ऊपर जनता को गर्व होगा।

कांग्रेस महासचिव ने भ्रष्टाचार को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए इलेक्टोरल बॉन्ड योजना का मुद्दा भी उठाया।

कांग्रेस घोषणा पत्र में किए गए वादे गिनाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना रद्द की जाएगी। केंद्र में खाली पड़ी 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया जाएगा। हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये की मदद दी जाएगी। केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी होगी और एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा।

इस दौरान गोड्डा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव के अलावा झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, कल्पना सोरेन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

anita
anita
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles