नई दिल्ली, 5 फरवरी 2025, बुधवार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू राष्ट्रपति संपदा के अंदर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में मतदान केंद्र पर पहुंचीं और सुबह करीब नौ बजे अपना वोट डाला। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार सुबह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले शुरुआती मतदाताओं में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, के अलावा विदेश मंत्री मंत्री एस.जयशंकर और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल थे।
सुबह-सुबह वोट डालने वालों में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा और दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज भी शामिल रहीं। ग्रेटर कैलाश से आप के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज, करावल नगर से भाजपा के उम्मीदवार कपिल मिश्रा, नयी दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप दीक्षित और कालकाजी से पार्टी उम्मीदवार अलका लांबा ने भी सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के तुरंत बाद मतदान किया।