भाजपा ने आज से अपने लोकसभा चुनाव के लिए दीवार लेखन अभियान की शुरुआत कर दी है। प्रचार अभियान के तहत भाजपा देशभर में दीवारों पर पार्टी के नारे लिखवाएगी और चुनाव चिन्ह कमल का निशान बनवाएगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान जेपी नड्डा ने खुद दिल्ली में एक दीवार पर कमल का निशान उकेरा।
जेपी नड्डा बोले- एक बार फिर मोदी सरकार
जेपी नड्डा ने कहा कि ‘आज से, हमारा देशभर में दीवार लेखन अभियान शुरू हो रहा है। हमने एक बार फिर मोदी सरकार के नारे को दीवार पर लिखकर इस अभियान की शुरुआत की है। हमारी देश को लोगों से अपील है कि वह एक बार फिर से देश में मोदी सरकार बनाएं। देश को आगे ले जाने के लिए स्थायी सरकार की जरूरत है। दीवार लेखन अभियान के जरिए हमने देश के लोगों से अपील की है कि ‘एक बार फिर मोदी सरकार’।’
भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए भाजपा ने देश की सभी लोकसभाओं को क्लस्टर में बांट दिया है। एक क्लस्टर में 3-5 लोकसभा सीटों को रखा गया है। इन क्लस्टर्स की जिम्मेदारी प्रभारियों को दी गई है। इन प्रभारियों की बैठक 16 जनवरी को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में होगी। खास बात है कि क्लस्टर बनाते हुए हारी हुई सीटों का भी क्लस्टर बनाया गया है ताकि वहां पिछले आम चुनाव में हुई कमियों को दूर किया जा सके। यूपी की लोकसभा सीटों को 20 क्लस्टर में बांटा गया है।
पीएम मोदी 25 से करेंगे प्रचार अभियान का आगाज
प्रधानमंत्री मोदी भी आगामी 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक विशाल रैली को संबोधित कर चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने से पहले पीएम मोदी अलीगढ़, अवध क्षेत्र और कानपुर में तीन रैलियां करेंगे।