42.8 C
Delhi
Friday, May 17, 2024

जेई जयवीर हत्याकांड: आरोपी ने आत्महत्या करने की कोशिश की, पुलिस कस्टडी में दांत से कटे हाथ के नस

हरियाणा के सिरसा के एचएसवीपी के जेई जयवीर के हत्याकांड के आरोपी आजाद पुत्र हाकम अली निवासी पानीपत ने पुलिस हिरासत में अपने दांतों से हाथ की नस काट ली। सुबह पुलिस कर्मचारी उसे उठाने के लिए पहुंचे तो वह खून से लथपथ व बेहोशी की हालत में मिला। उसे शहर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के जेई जयवीर की 26-27 अक्तूबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जयवीर का सिरसा में ही ससुराल था और वह मूल रूप से कैथल का रहने वाला था। शुरुआत में परिजनों ने जयवीर की मौत को इत्तफाकिया बताया था।

शव के पोस्टमार्टम के बाद उसके गले में छेद मिला। इसमें गोली का छर्रा लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो खुलासा हुआ कि जयवीर की पत्नी मोनिका ने ही उसकी हत्या करवाई है। इसके बाद पुलिस ने मोनिका को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और रिमांड पर लिया। रिमांड समाप्त होने पर उसे जेल भेज दिया है।

मोनिका ने खुलासा किया था कि उसने जयवीर की हत्या पानीपत निवासी आजाद से करवाई थी। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। इसमें आरोपी घर के अंदर दाखिल होते हुए दिखाई दे रहा था। उसके हाथ में पिस्तौल था। पुलिस के अनुसार आरोपी आजाद शनिवार को सिरसा आया हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रात को वह पुलिस कस्टडी में था। इस दौरान उसने दांतों से हाथ की नस को काटकर सुसाइड करने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया जहां उसका उपचार चल रहा है।

आरोपी आजाद को शनिवार को ही गिरफ्तार किया था। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाना था, लेकिन उसने दांतों से हाथ की नस को काट लिया। इसलिए उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आरोपी महिला को भी रिमांड खत्म होने के बाद उसे जेल भेज दिया है। – कृष्ण कुमार, सिविल लाइन थाना प्रभारी, सिरसा।

anita
anita
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles