गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन के सामान्य तापमान से पांच डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मियों का मौसम एक मार्च से शुरू होकर 31 मई तक रहता है। आईएमडी के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, एक मार्च से शुरू हुए इस मौसम का रविवार 12वां दिन था। मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।