देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर सुनामी की तरह आई है। कई राज्यों को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। कई लोगों की मौत हो रही है। दिनभर सामने आ रहीं दर्द भरी खबरों के बीच महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक राहत देने वाली जानकारी सामने आई है। मुंबई में कोरोना मामलों में गिरावट देखी गई है। तकरीबन लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को लागू करने के कुछ दिनों के बाद मुंबई में कोरोना के मामले कम हुए हैं। शहर में जितने नए मामले सामने आए हैं, उससे ज्यादा बीमार ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटे में मुंबई में कोरोना वायरस के5,888 नए मामलेमिले हैं, जबकि इस दौरान 8,549 ठीक हुए हैं। मुंबई में पिछले तीन हफ्तों के बाद पहली बार इतने कम रोजाना मामले मिले हैं। 31 मार्च को 5,394 नए मामले सामने आए थे, जबकि 12 अप्रैल के बाद से रोजाना 7 हजार से अधिक कोरोना केस मिल रहे थे।
पिछले 24 घंटों में 71 लोगों की गई जान
कोरोना के चलते पिछले 24 घंटों में मुंबई 71 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, शहर में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 6,22,109 हो गया है। मुंबई में बीते दिन (शुक्रवार) 7,221 नए मामले मिले थे। वहीं, 72 लोगों की जान गई थी। गुरुवार को शहर में 75 लोगों की कोरोना वायरस के चलते मौत हो गई थी। पिछले एक दिन में शहर में 40 हजार लोगों की कोरोना जांच की गई है। हालांकि, एक दिन पहले 42 हजार टेस्ट किए गए थे। वहीं, डेली पॉजिटिविटी रेट पिछले हफ्ते के 18 फीसदी की तुलना में घटकर 15 फीसदी हो गया है। कोविड मामलों की ग्रोथ रेट 1.26 फीसदी पर आ गई है।
महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने किया यह ट्वीट
महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आज सामने आए नए मामले की तुलना में ज्यादा लोग ठीक हुए हैं। नए मरीजों की संख्या में भी कमी आई है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। घर पर ही रहें, मास्क पहनें और सुरक्षित रहें। हालांकि, पूरे राज्य में कोरोना के केस एक बार फिर से बढ़ गए हैं। आज 67,160 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संख्या बढ़कर 42,28,836 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 63,818 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है, जबकि 676 लोगों की जान चली गई। कुल मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 63928 हो गया है। अभी तक 34,68,610 लोग बीमारी को पराजित करके ठीक हो चुके हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की बात करें तो यह 6,94,480 है।
राज्य में लागू हैं लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
महाराष्ट्र में देश में सबसे ज्यादा कोरोना से प्रभावित होने वाला राज्य है। रोजाना कई दिनों से 60 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। इस समय राज्य में सात लाख से ज्यादा कोरोना के एक्टिव केस हैं। शुक्रवार को राज्य में कोविड से होने वाली मौतों के आंकड़ों में काफी बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद यह संख्या बढ़कर 773 पर पहुंच गई थी। साथ ही 66,836 नए मामले सामने आए थे। कोरोना महामारी को रोकने के उद्देश्य से राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को लॉकडाउन जैसी पाबंदियों का ऐलान किया था। हालांकि, इसे नाम ‘ब्रेक द चेन’ दिया गया है। यह गुरुवार रात आठ बजे से शुरू होकर एक मई सुबह सात बजे तक चलेगा।