मेरठ जनपद में किठौर क्षेत्र के गांव ईसापुर में सोमवार देर रात घर लौट रहे युवक को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घायल युवक को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, गोली लगने की सूचना पाकर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, किठौर थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर निवासी वसीम व हैदर अली पुत्र इब्ने हैदर मजलिस कर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिसमें वसीम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि पुराने विवाद में युवक को गोली मारी गई है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।