मोहाली के सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग के मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। फरीदकोट पुलिस ने इस मामले में तरनतारन जिले के गांव कुल्ला निवासी निशान सिंह को पकड़ा है। आरोपी को मोहाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
निशान सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए ब्लास्ट कांड में बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। कानून व्यवस्था पर विपक्षी दलों द्वारा प्रदेश सरकार को घेरा जा रहा है, प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पुलिस-प्रशासन को इस गंभीर मुद्दें पर सख्त से सख्त कदम उठाने का निर्देश दे रहे हैं।
वहीं पंजाब भर की सभी सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। ऐसे में फरीदकोट सीआईए स्टाफ भी इस घटना की जांच में शामिल हुआ और अमृतसर से निशान सिंह को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद निशान सिंह को फरीदकोट से सीआईए स्टाफ द्वारा मोहाली ले जाया गया है।
निशान सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड है, और उसके ऊपर प्रदेश के विभन्न थानों में कई गंभीर अपराध में केस दर्ज हैं। निशान सिंह फरीदकोट जेल में भी बंद रहा है और उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड के साथ पुलिस को मिले कुछ और इनपुट के आधार पर सीआईए फरीदकोट द्वारा निशान सिंह को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि निशान सिंह से कई अहम सुराग मिलेंगे।