देव दीपावली पर आज शाम काशी के अर्ध चंद्राकार घाटों पर अलौकिक दृश्य दिखाई देगा। 84 घाटों पर 15 लाख से ज्यादा दीपक एक साथ जगमगाएंगे। मां जाह्नवी के अर्द्धचंद्राकार तट देव दीपावली की रात स्वर्णिम आभा से दैदीप्यमान होंगे। 84 घाट, कुंड, गलियां और घर की चौखट पर देवताओं के स्वागत में दीप जलाए जाएंगे।
कार्तिक पूर्णिमा की रात सुरसरि के तट पर देवों की दीपावली की आभा चंद्रमा को भी चुनौती देगी। अस्सी से राजघाट तक दीपों की शृंखला के चंद्रहार की झिलमिलाती रौशनी से घाटों का शृंगार होगा। शुक्रवार शाम को देव दीपावली महोत्सव का उल्लास उत्सवधर्मी शहर बनारस के जन-मन पर नजर आएगा।
देर रात तक देव दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। काशी के घाट, कुंड, सरोवर, मंदिर और घरों की चौखट भी रौशन होगी। गंगा के तट से लेकर गंगा पार रेती तक दीपों की लड़ियां जगमग होंगी। गंगा पार डोमरी में लगातार दूसरे साल भी देव दीपावली का विस्तार नजर आएगा। अलौकिक, अद्भुत और भव्य देव दीपावली के नजारे को आंखों में समा लेने के लिए काशी की जनता उमड़ेगी।