सहारनपुर, 14 मार्च 2025, शुक्रवार। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहली बार रंगों में नफरत ढूंढी जा रही है, लेकिन मैं प्यार का संदेश देने के लिए होली मना रहा हूं। यही देश की संस्कृति है और हम सभी त्योहार मिलजुल कर मनाते हैं। सांसद ने आगे कहा कि इस देश के रंगों में नफरत ढूंढी जा रही थी, लेकिन मैं उसको मोहब्बत के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा हूं। यह देश की संस्कृति है कि होली, ईद, दिवाली हमेशा साथ मनाते आ रहे हैं। मेरा घर दीवाली पर हमेशा सजता है, और होली के लिए भी मैंने पहल की है कि हम लोगों को इस देश को बचाना है।
सांसद ने यह भी बताया कि होली के बाद उन्होंने सामने मस्जिद में जुमा का नमाज पढ़ा। यह एक सुंदर उदाहरण है कि कैसे हमारे देश में विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोग एक साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह देश मोहब्बत से चलेगा। नफरत से नहीं। जो लोग इस देश के अंदर नफरत बांट रहे हैं, मेरी उनसे हाथ जोड़कर विनती है कि नफरत मत बोइए। इस देश की आजादी को संजोने का काम करें। इसको किसी तरह की नफरत में न बाटें।
संभल सीओ अनुज चौधरी के बयान के संदर्भ में इमरान मसूद ने कहा कि रंगों में नफरत नहीं होती। आप इसमें नफरत क्यों ढूंढ रहे हो? मैं यही पैगाम दे रहा हूं। रंग से कुछ हो गया क्या? मैं अभी जाकर नहाकर नमाज पढ़ने चला जाऊंगा क्या हो गया इससे? मालूम हो कि संभल CO अनुज चौधरी इन दिनों सुर्खियों में हैं। उन्होंने होली और जुमे की नमाज को लेकर कहा था कि नमाज तो साल के 52 दिन तक पढ़ी जाती है जबकि होली एक बार आता है। अगर किसी को रंग से दिक्कत है तो वो घर में बैठ जाएं, होली पर बाहर न निकले। CO के बयान पर बवाल मच गया। विपक्ष ने धावा बोल दिया तभी सीएम योगी ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि अनुज के कुछ भी गलत नहीं बोला है। वो पहलवान है, डरेगा थोड़ी न।