गांव कहरौला गर्वी में रविवार की शाम करीब चार बजे भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी एक पक्ष की ओर से हमला कर दिया गया। इसमें रजपुरा थाने की जिजौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी रामकुंवर समेत चार पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। पुलिसकर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कहरौला गर्वी निवासी रविंद्र ने बताया कि गांव निवासी आरोपी पक्ष ने हमारे खेत पर कब्जा किया हुआ है। हम अपना खेत जोतने के लिए गए थे। पुलिस हमारे साथ गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने हम पर हमला कर दिया और जब पुलिसकर्मी बचाने के लिए आए तो उनके साथ भी मारपीट की है।
जिसमें चौकी प्रभारी, दो सिपाही और एक होमगार्ड घायल हुए हैं। इनके अलावा पुष्पेंद्र और राधेश्याम के भी चोट लगी है। घायल राधेश्याम ने बताया कि आरोपी पक्ष पहले भी कई बार विवाद कर चुका है। इसलिए हम पुलिस कर्मियों को साथ लेकर गए थे। बताया कि हमला करने वाले करीब 20 लोग थे। जो लाठी-डंडे लेकर आए थे।
रजपुरा थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में पुलिस टीम पहुंची थी। एक पक्ष के लोगों पुलिस से अभद्रता की है। इसमें पुलिस कर्मी चोटिल भी हुए हैं। पुलिस कर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जानकारी करते हैं। क्या हुआ है। उसके बाद ही बता पाएंगे।