प्रयागराज, 22 जनवरी 2025, बुधवार। महाकुंभ नगर में 29 जनवरी को होने जा रहे मौनी अमावस्या के अमृत स्नान में लगभग 10 करोड़ लोगों के पावन त्रिवेणी के तट पर पहुंचने का अनुमान है, जिनमें विदेशी श्रद्धालु भी शामिल होंगे। यह आयोजन प्रयागराज महाकुंभ में श्रृद्धालुओं के सैलाब को लेकर नया कीर्तिमान दर्ज करने जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, इस स्नान पर्व में 7 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के महाकुंभ पहुंचने की उम्मीद है, जिसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन के साथ-साथ साधु संतों के शिविरों में भी इस पावन अवसर पर आने वाले भक्तों के लिए व्यवस्था की जा रही है।
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेशानंद गिरी ने बताया कि उनके शिविर में इस पुण्य पर्व पर फ्रांस, इटली, जापान और रूस से 5000 से अधिक विदेशी भक्तों के लिए व्यवस्था की जा रही है। ये सभी लोग 24 जनवरी से त्रिवेणी में अमृत स्नान के लिए आना शुरू हो जाएंगे।