44 C
Delhi
Saturday, May 18, 2024

हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बदला मौसम का मिज़ाज, पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में

हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिज़ाज बदलने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शनिवार रात से राज्य के जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है जबकि राजधानी शिमला सहित राज्य के कई निचले इलाकों में आसमान बादलों से घिरा है।

आगामी 24 घंटों उच्च पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य में उच्च पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी और मध्यवर्ती व मैदानी भागों में बारिश होने की सम्भावना जताई है। निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 17 नवम्बर से मौसम साफ हो जाएगा।

ताजा हिमपात से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में

जानकारी के अनुसार राज्य के लाहौल स्पिति, किन्नौर और चंबा जिला के पांगी तथा भरमौर तथा कुल्लू जिला की पर्वत श्रंखलाओं पर बीती रात से हल्का हिमपात रुक-रुक कर हो रहा है। इस ताजा हिमपात से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में है। राजधानी शिमला में सुबह से ठंडी हवाएं चलती रहीं।

सबसे ठंडा स्थान रहा केलांग

प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग रहा जहां बीती रात न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.2, मनाली में 5, भुंतर में 5.5, सोलन में 5.8, सुंदरनगर, पालमपुर व मंडी में 6-6, डल्हौजी में 6.8, ऊना में 7.4, कुफरी में 8.5, धर्मशाला में 8.6, शिमला में 8.9, बिलासपुर में 9, हमीरपुर व चंबा में 9.2 और नाहन में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ड्राई स्पेल के टूटने की संभावना

इस बीच मौसम के तेवरों से मैदानी क्षेत्रों में लंबे समय से चल रहे ड्राई स्पेल के टूटने की संभावना है। मैदानों व मध्य पर्वतीय भागों में मानसून सीजन के बाद से नाम मात्र बारिश हुई है। अक्तूबर माह की बात की जाए तो राज्य में बारिश की एक बूंद तक नहीं बरसी है जो किसानों व बागबानों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है तथा प्रदेश में खेत-खलिहान सूखे की चपेट में आने शुरू हो गए हैं।

बर्फबारी के बाद श्रीनगर-लेह, मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद

कश्मीर घाटी में हुई ताजा बर्फबारी ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। बारिश व बर्फबारी के साथ ही शीत लहर ने घाटी को अपने आघोष में ले लिया है। शनिवार को हुई बर्फबारी के बाद श्रीनगर-लेह मार्ग और शोपियां को पुंछ जिले से जोड़ने वाले मुगल मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। सुबह 11:30 बजे श्रीनगर में तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने पहलगाम, कुपवाड़ा, बनिहाल, गुलमर्ग, जम्मू और कटरा में आगामी दो दिन तक बारिश की संभावना व्यक्त की है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की अगर बात करें तो दीपावली की अगले दिन यहां तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं मुंबई में सुबह 11:30 बजे 33.4 डिग्री, चेन्नई में 28.6 डिग्री और कोलकाता में 25.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

anita
anita
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles