एक्ट्रेस कंगना रनौत और उर्मिला मातोंडकर के बीच पिछले दिनों ट्विटर पर तीखी बहस देखने को मिली थी। दोनों अभिनेत्रियों के बीच एक बार फिर से सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो सकती है। कंगना रनौत मुंबई वापस आने के बाद सिद्धिविनायक मंदिर गई थीं और वहां की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा था कि अपने प्यारे शहर मुंबई के लिए खड़े होने पर मुझे जो प्यार मिला है, उससे अभिभूत हूं। उनकी इसी टिप्पणी पर अब उर्मिला मातोंडकर ने ट्वीट कर तंज कसा है। पिंजर फेम एक्ट्रेस ने ट्विटर पर कंगना की ही टिप्पणी के एक हिस्से ‘अपने प्यारे शहर मुंबई के लिए खड़े होने’ को ट्वीट किया है और उसके साथ स्माइली पोस्ट किए हैं।
यही नहीं मराठी में एक लाइन और लिखते हुए उर्मिला मातोंडकर ने तंज कसा है, ‘क्या दिमाग खराब हो गया है?’ दरअसल कंगना रनौत ने बीते दिनों मुंबई की तुलना पीओके से कर दी थी। शिवसेना नेता संजय राउत से उनकी तीखी बहस हुई थी। संजय राउत ने उन्हें मुंबई वापस आकर दिखाने की धमकी दी थी। इसके बाद कंगना ने यह टिप्पणी की थी। ऐसे में अब कंगना रनौत की ओर से मुंबई को अपना प्यारा शहर बताए जाने पर शायद उर्मिला ने तंज कसा है। मंगलवार को कंगना रनौत ने सिद्धिविनायक मंदिर जाने की तस्वीरें शेयर करते हुए ‘जय हिंद जय महाराष्ट्र’ का नारा भी दिया था।
इसके चलते कंगना रनौत कई बड़े फिल्मी स्टार्स के निशाने पर आ गई थीं। फिलहाल किसान आंदोलन को लेकर भी वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और अपनी राय रखती रही हैं। इस मुद्दे पर भी पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ समेत कई एक्टर्स से उनकी तीखी बहस हो चुकी है। यही नहीं पंजाब की एक बुजुर्ग महिला को शाहीन बाग की दादी बताने वाले ट्वीट पर उन्हें दो लीगल नोटिस भी झेलने पड़े हैं।