उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के कोंच कस्बे से बाल यौन शोषण मामले में पिछले दिनों गिरफ्तार भाजपा नेता और सेवानिवृत्त लेखपाल पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस रासुका लगाने से पहले तमाम सबूत जुटा रही है। भाजपा के बर्खास्त नगर उपाध्यक्ष रामबिहारी राठौर के खिलाफ 50 से अधिक बच्चों का यौन शोषण का मामला मिला है। पुलिस राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने से पहले अपराधों का ब्योरा तैयार कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि “सेवानिवृत्त लेखपाल और कोंच कस्बे की भाजपा नगर इकाई का बर्खास्त उपाध्यक्ष राठौर पिछले छह-सात साल से गैर सामाजिक और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। पिछले कुछ वर्षों में तैनात रहे पुलिसकर्मियों को तलब कर राठौर के अपराधों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने से पहले उसके खिलाफ तमाम सबूत जुटाए जा रहे हैं।
कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) इमरान खान ने कहा कि हम आरोपी को अदालत से कड़ी सजा दिलाना चाहते हैं, इसके लिए हरेक बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस फिलहाल अन्य और पीड़ितों की खोजबीन में जुटी है और जिनकी खोज हो चुकी है उनसे बयान दर्ज कराने या अलग से नया मामला दर्ज करवाने की पहल कर रही है।
भाजपा के जालौन जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बाल यौन शोषण मामले में गिरफ्तारी के तत्काल बाद राठौर को नगर उपाध्यक्ष पद और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया था। पुलिस ने राठौर को बच्चों का यौन शोषण करने और उनका अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में 13 जनवरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस अब तक तीन नाबालिगों की अलग-अलग शिकायतें दर्ज कर आरोपों की जांच कर रही है।