सीएम योगी रविवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की। वाराणसी में टीएफसी में आयोजित भाजपा की कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को हुआ। इस दौरान भाजपाइयों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी मौके पर पहुंचे। भाजपाइयों ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजयुमो की कार्यशाला में योगी ने कहा कि कोई जाति, कोई वर्ग, कोई धर्म, कोई मजहब या भाषा देश से बड़ी नहीं हो सकती। राष्ट्र की एकता और अखंडता के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए कहा कि आप देख रहे हैं कि कैसे-कैसे षड्यंत्र हो रहे हैं। जिन्होंने सामाजिक तानेबाने को छिन्न-भिन्न किया, वो आज फिर से नकाब पहनकर गुमराह करने की मुद्रा में आ गए हैं। जो लोग सामाजिक न्याय के लिए समर्पित महापुरुषों का अपमान करते थे, वे आज वोट के लिए उनकी आरती उतार रहे हैं। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, जब भी इन्हें मौका मिला, उन्होंने देश की कीमत पर राजनीति की। यही फर्क है, वे देश की कीमत पर राजनीति करते हैं और हम देश के लिए राजनीति करते हैं।
योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के कारनामों को कौन नहीं जानता। इन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का सामाजिक अपमान किया। सरदार वल्लभ भाई पटेल का अपमान किया। इन महापुरुषों को भारत रत्न न मिल पाए, इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। ऐसे लगता था जैसे भारत रत्न पर एक परिवार का अधिकार हो गया हो। उसी परिवार के लोगों को मिलना चाहिए बाकी किसी को नहीं मिलना चाहिए। सपा हो या कांग्रेस, इन्हें जब भी मौका मिला। इन्होंने देश की कीमत पर राजनीति की। हम में और इनमें यही अंतर है। ये देश की कीमत पर राजनीति करते हैं, हम देश के लिए राजनीति करते हैं।
सत्ता हमारे लिए राष्ट्रनिर्माण और लोकनिर्माण का साधन है। इसलिए हम यहां तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। काम करने के बाद विरोधी कहते हैं कि उन्होंने कर दिया। लेकिन, हम तो सिर्फ माध्यम हैं। आज के युवा 7 वर्ष पहले के यूपी और अब के यूपी का अनुभव करते होंगे तो वह बदलाव देखते होंगे। सात साल पहले यूपी की पहचान का संकट था। युवा कहीं जाता था तो लोग भेदभाव से देखते थे। यूपी में तब अराजकता थी। बेटी सुरक्षित नहीं थी, व्यापारियों की हालत खराब थी। कोई निवेश नहीं करना चाहता था। सड़क से लेकर बिजली देने के लिए भेदभाव किया जाता था। आप लोगों ने एक नया उत्तर प्रदेश देखा है। यूपी सम्मान प्राप्त कर रहा है। हमने यूपी के अंदर व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से सभी व्यापारी को 10 लाख रुपए की सुरक्षा बीमा भी दिया है। उसे आश्वस्त किया है कि हम आपकी सुरक्षा का इंतजाम करेंगे। आप अपना व्यवसाय बढ़ाएंगे।
योगी ने कहा कि हमने साढ़े 6 लाख नौजवानों को नौकरी दी है। कल 60 हजार पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हुई है। एक साथ इतने नौजवान भर्ती होंगे। अगले दो वर्षों में हम लोग यूपी पुलिस में 1 लाख भर्ती करने जा रहे हैं। दो लाख सरकारी पद भरने जा रहे हैं। इसमें कोई भेदभाव नहीं होगा। हम जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम करेंगे। आज देश और विदेश का बड़ा निवेशक यूपी में निवेश करने आ रहा है। 2023 में जब हमने इन्वेस्टर समिट किया, तब यूपी में 40 लाख करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसका मतलब लगभग 1.5 करोड़ नौजवानों को नौकरी। पहले नौजवान मुंबई-हैदराबाद और विदेश में जाता था। आज उस नौजवान को प्रदेश में उसके जिले, उसके घर में नौकरी मिलेगी।
आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिजली व्यवस्था है। याद करिए जब हम लोग 2017 में यूपी में आए थे, तब यूपी की जनसंख्या पहले नंबर पर थी और अर्थव्यवस्था के मामले में देश में 7वें नंबर पर थी। अब हम दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। विश्वास दिलाता हूं कि हम देश में नंबर वन की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेंगे। युवा मोर्चा के कार्यक्रम में जब मैं आता हूं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है क्योंकि लोग ओल्ड नहीं होते हैं।
कार्यशाला में योगी के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। काशी पहुंचे CM योगी ने सबसे पहले बाबा विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में पूजा की। दो दिवसीय दौरे पर योगी रविवार दोपहर 12.50 बजे वाराणसी पहुंचे। योगी का हेलीकाप्टर चंदौली से वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचा। यहां से बड़ा लालपुर स्टेडियम पहुंचे। कार्यक्रम के पहले योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किया। योगी सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इस दौरान मंत्री और विधायकों समेत जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।