लखनऊ, 17 फरवरी 2025, सोमवार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी है। आदित्यनाथ ने कर्पूरी ठाकुर को “जननायक” और “सामाजिक न्याय के पुरोधा” के रूप में सम्मानित किया है, जिन्होंने शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए आजीवन प्रतिबद्ध रहे।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का सामाजिक समता के लिए संघर्ष और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें “गरीबों, पिछड़ों व वंचितों की सशक्त आवाज” और “सामाजिक समरसता के प्रतीक” के रूप में सम्मानित किया है।
कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी, 1924 को ब्रिटिश शासन काल में समस्तीपुर जिले के पितौंझिया गांव में हुआ था, जिसे अब ‘कर्पूरीग्राम’ कहा जाता है। आज ही के दिन 17 फरवरी, 1988 को पटना में उनका निधन हुआ था। कर्पूरी ठाकुर एक स्वतंत्रता सेनानी, दूरदर्शी राजनेता तथा किसानों, महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के हितैषी थे। जनहित के कार्यों के कारण उन्हें ‘जननायक’ कहकर संबोधित किया जाता है। उनका जीवन लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने और भारत के संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने के अथक प्रयास की मिसाल है।