2022 गुजरात चुनाव में राजकोट जिले की गोंडल विधानसभा सीट राज्य की अहम सीटों में से एक है। भाजपा की ओर से इस बार गीताबा जडेजा मैदान में थीं। जडेजा पिछले चुनाव में यहां से जीतीं थीं। इस बार गीताबा ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के यतीश देसाई को 43,313 वोटों से परास्त किया।
ये सीट पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र में आती है। ये सीट इसलिए भी महत्वपूर्ण रही है क्योंकि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल यहां से चुनाव लड़ चुके हैं। 1998 से अब तक हुए चुनावों में भाजपा यहां से सिर्फ एक बार हारी है।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार गीताबा जयराजसिंह जडेजा ने कांग्रेस के अर्जुन भाई खटारिया को 15 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में कुल 12 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा एवं कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी दस की जमानत जब्त हो गई थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा को जीत मिली थी। भाजपा के जयराज सिंह जडेजा ने कांग्रेस उम्मीदवार गोर्धनभाई जदाफिया को शिकस्त दी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां से लड़ चुके हैं चुनाव
राजकोट की गोंडल सीट सत्ताधारी भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। यहां से इसके दिग्गज नेता व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल ने 1980 में चुनाव जीता था। 1998 से लेकर 2017 तक भाजपा यहां सिर्फ एक बार हारी है, जब एनसीपी ने 2007 में इस सीट पर कब्जा किया था।
भाजपा ने मौजूदा विधायक को मैदान में उतारा था
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक गीताबा जयराजसिंह जडेजा को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने यतीश गोविंदलाल देसाई को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से निमिशाबेन खूंट मैदान में थीं। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में जिले में भाजपा ने जीती थी छह सीट
गोंडल विधानसभा सीट, राजकोट जिले में आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की आठ में से छह सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।