लखनऊ, 5 मार्च 2025, बुधवार। विश्व के पर्यटन मानचित्र पर संगम नगरी प्रयागराज ने पहली बार ऐतिहासिक रिकाॅर्ड के साथ मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। टूरिज्म के सभी रिकाॅर्ड टूट गए हैं। पर्यटन विभाग के मुताबिक 45 दिवसीय महाकुंभ में ही लगभग 55 लाख विदेशी पर्यटक आए हैं। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले कई गुना अधिक है, जब लगभग 5,000 विदेशी पर्यटक आए थे। महाकुंभ में पर्यटन विभाग ने जहां एक ओर जनमानस के अवस्थापन और आधुनिक आश्रय स्थल विकसित कर संचालित कराए, वहीं दूसरी ओर अवस्थापन और खान-पान के क्षेत्र में नवीन अवधारणा को प्रबल करते हुए निजी सहभागिता से टेंट सिटी का संचालन हुआ। इसमें टेंट सिटी से पर्यटन विभाग ने 100 करोड़ अर्जित किए। प्राइवेट फर्मों को 73.45 करोड़ की आमदनी होने का अनुमान है।
महाकुंभ में विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के पीछे कई कारण हैं। इनमें से एक कारण यह है कि महाकुंभ को विश्व स्तर पर प्रमोट किया गया था। इसके अलावा, पर्यटन विभाग ने विदेशी पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं प्रदान कीं, जैसे कि वीजा ऑन अराइवल, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, और विशेष टूर पैकेज। महाकुंभ में सबसे अधिक नेपाल, अमेरिका, ब्रिटेन, श्रीलंका, कनाडा और बांग्लादेश से श्रद्धालु आए। इसके अलावा, रूस, जापान, जर्मनी, फ्रांस, ब्राजील, मलयेशिया, न्यूजीलैंड, इटली, कनाडा और थाइलैंड सहित 100 से अधिक देशों से भी श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने पहुंचे। इन श्रद्धालुओं ने प्रयागराज के साथ वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, मथुरा और गोरखपुर भी देखा।
विदेशी श्रद्धालुओं के आने से होटल, गाइड, ट्रांसपोर्ट, हस्तशिल्प और स्थानीय कारोबार में लाभ मिला है। केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन कहते हैं कि महाकुंभ में आए करोड़ों लोगों के खर्च का असर चौथी तिमाही की जीडीपी में दिखेगा। इसके अलावा, केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन-दो योजना में नैमिषारण्य और प्रयागराज को चुना गया है। इससे भी पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह के मुताबिक वर्ष 2019 के कुंभ में 10.30 लाख विदेशी पर्यटक आए थे। तब यहां कुल 23,94,70,000 आए थे। इस बार लगभग 67 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। इसमें कुल कितने विदेशी हैं, इसका आंकड़ा मार्च अंत तक स्पष्ट हो सकेगा। यूपी में बीते साल कुल 65 करोड़ पर्यटक आए। इनमें 23 लाख विदेशी भी शामिल हैं। सर्वाधिक 14.65 लाख पर्यटक आगरा में आए, जबकी 3.09 लाख पर्यटकों के साथ वाराणसी दूसरे पायदान पर रहा। मथुरा में 1.36 लाख, कुशीनगर में 2.51 लाख, अयोध्या में 26,048 और प्रयागराज में 4,790 विदेशी पर्यटक आए। वर्ष 2023 में यूपी आए विदेशी पर्यटकों की संख्या 16 लाख रही थी, जबकि 2022 में साढ़े छह लाख लोग यहां आए थे।