नई दिल्ली, 2 मार्च 2025, रविवार। बसपा में घमासान मचा हुआ है। मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को सभी पदों से हटा दिया है। कहा कि मेरे जिंदा रहने तक कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। रिश्ते नातों का कोई महत्व नहीं है। आकाश की जगह उनके पिता और पार्टी महासचिव आनंद कुमार और राज्यसभा सांसद राम जी गौतम को बीएसपी का नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है। मायावती ने आकाश आनंद को सभी पदों से हटाने के पीछे आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को जिम्मेदार बताया है। मायावती अपने फैसलों से लगातार चौंका रही हैं। राजनीति में परिवार को लेकर उनके निर्णय काफी उथल-पुथल वाले रहे हैं। मायावती ने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पिछले महीने पार्टी से निष्कासित किये जाने के बाद यह कदम उठाया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को लखनऊ में बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई थी। इसमें कई राज्यों के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए। बसपा प्रमुख ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ पार्टी की मौजूदा स्थिति और भविष्य में इसे मजबूत बनाने के उद्देश्य पर समीक्षा और चर्चा की। इस दौरान कई बड़े फैसले लिए गए। मायावती ने कहा कि मेरे लिए पार्टी और मूवमेंट पहले है। भाई-बहन और उनके बच्चे और अन्य रिश्ते-नाते आदि बाद में हैं। जब तक मैं जिंदा रहूंगी तब तक अपनी आखिरी सांस तक भी अपनी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी को आगे बढ़ाने का हर संभव पूरा प्रयास करती रहूंगी।
पहले ही माना जा रहा था कि रविवार की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मायावती अपने निर्णयों से चौंका सकती हैं। सुबह 11 बजे के करीब शुरू हुई इस बैठक में बसपा सुप्रीमो मायावती के अलावा, पार्टी नेता और उनके भाई आनंद, राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे। हालांकि मायावती के भतीजे आकाश आनंद नजर नहीं आए। बसपा, पिछले लगभग एक दशक से हाशिए पर चल रही है। उन्होंने आकाश आनंद को 2022 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी थी।
10 दिसम्बर 2023 को आकाश आनंद को उन्होंने अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। पिछले साल मई में लोकसभा चुनाव के दौरान विवादित भाषण देने पर उन्होंने आकाश को अपरिपक्व बताते हुए सभी पदों से हटा दिया था। हालांकि कुछ दिन बाद ही जून महीने की 23 तारीरख को उन्होंने बसपा की बैठक में आकाश आनंद को फिर से नेशनल कोआर्डिनेटर बनाने का ऐलान किया था। इसके साथ यह माना जा रहा था कि आकाश ही उनके उत्तराधिकारी हैं।