नई दिल्ली, 2 मार्च 2025, रविवार। हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस लीडर हिमानी नरवाल की लाश एक सूटकेस में बंद मिली। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हिमानी नरवाल की पहचान कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से थी। वह पार्टी के कई बड़े कार्यक्रमों में नजर आई थीं। हिमानी नरवाल हरियाणा के रोहतक जिले के विजय नगर में रहती थीं और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थीं। हिमानी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा थीं और उन्होंने कई मौकों पर कांग्रेस नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इसके अलावा पहले वह पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार में भी सक्रिय रही हैं।
1 मार्च को रोहतक के सांपला बस स्टैंड के पास एक नीले रंग के सूटकेस में उनका शव बरामद हुआ, जिससे सनसनी फैल गई। शव के गले में चुन्नी लिपटी हुई थी, जिससे पुलिस को आशंका है कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई होगी। पुलिस ने हिमानी के घर और आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस की साइबर टीम हिमानी के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि उनकी आखिरी बातचीत किससे हुई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए 5 विशेष टीमें बनाई हैं, जो अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। हालांकि पुलिस को अभी तक कोई राजनीतिक एंगल नहीं मिला है। परिवार, दोस्तों व अन्य से पूछताछ की जा रही है।
हिमानी नरवाल की मां ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव और पार्टी ने उनकी बेटी की जान ले ली। उनका कहना है कि पार्टी की ओर से अभी तक किसी ने जानकारी नहीं ली है। मृतक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की मां सविता ने बताया, चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये (अपराधी) पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं। 28 फरवरी को वह घर पर थी। हमें पुलिस स्टेशन से (घटना के बारे में) फोन आया, जिसके बाद हमें इसकी जानकारी मिली।
वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, इस घटना ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक बार फिर हरियाणा से कानून व्यवस्था की विफलता का उदाहरण सामने आया है। हम मांग करते हैं कि तुरंत एसआईटी का गठन किया जाए और उच्च स्तरीय जांच हो। दोषियों को पकड़ा जाए और मृतक के परिवार को न्याय मिले। हम न्याय के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे। जब तक मृतक के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाना चाहिए।