नई दिल्ली, 15 जून 2025, रविवार: दक्षिण दिल्ली के संत नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में रविवार को कर्णावती (अहमदाबाद) में हुई भीषण विमान दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने, परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए एक श्रद्धा-शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा आयोजित इस यज्ञ में वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दी गईं।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने इस अवसर पर कहा, “कर्णावती में हुई इस विमान दुर्घटना ने न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को स्तब्ध कर दिया। टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद ही विमान का नीचे आ जाना वैश्विक विमानन इतिहास की दुर्लभ और दुखद घटनाओं में से एक है। यह उड्डयन जगत के लिए गंभीर जांच का विषय है।” उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय प्रशासन, समाज और एनडीआरएफ के साथ मिलकर किए गए राहत व बचाव कार्यों की सराहना की, जिससे कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
बंसल ने आगे कहा, “विमान के ब्लैक बॉक्स जैसे महत्वपूर्ण हिस्से सुरक्षित मिलने से जांचकर्ताओं को दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में सहायता मिलेगी। हमने आज इस यज्ञ में प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति मिले, घायल शीघ्र स्वस्थ हों और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाएं।”
वैदिक विदुषी दर्शनाचार्या विमलेश आर्या के ब्रह्मत्व में संपन्न इस यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने वेद मंत्रों के साथ प्रभु से प्रार्थना की कि यह विमान दुर्घटना विश्व की अंतिम दुर्घटना साबित हो। उन्होंने विश्व समुदाय और भारत से इस मामले की गहन जांच के बाद निकलने वाले निष्कर्षों को कठोरता से लागू करने की अपील की।
यज्ञ में आर्य समाज मंदिर संत नगर के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सूद, विहिप दक्षिणी दिल्ली के मंत्री राधा कृष्ण, समाजसेवी प्रोफेसर अंकुर राज, चंद्रकांता, विजयपाल कौशिक, ओमवती, बेबी, छोटू, हितेश सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।