वाराणसी, 25 जुलाई 2025: मुस्लिम बाहुल्य मदनपुरा क्षेत्र में स्थित प्राचीन सिद्धिश्वर महादेव मंदिर में सात महीने बाद शुक्रवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हुई। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के काशी प्रांत महानगर अध्यक्ष राजेश मिश्रा के नेतृत्व में मूर्तियों का स्नान, जलाभिषेक, माला-फूल चढ़ाने और आरती के साथ फल-मिष्ठान का भोग लगाया गया।
दशकों से बंद रहे इस मंदिर का ताला पहली बार 8 जनवरी 2025 को खोला गया था। तब पूजन और जलाभिषेक के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए थे। गुरुवार को विहिप कार्यकर्ताओं ने मंदिर में सफाई अभियान चलाया, जिसके बाद शुक्रवार से नियमित पूजा शुरू हुई। सफाई के दौरान मंदिर में तीन खंडित शिवलिंग मिले थे, जबकि मूल शिवलिंग लापता था।
2009 में आखिरी बार इस मंदिर में पूजा हुई थी। स्थानीय लोगों और विहिप कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मंदिर एक बार फिर भक्तों के लिए खुल गया है। मंदिर के खुलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।