देहरादून, 9 नवंबर 2024, शनिवार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक 50 से अधिक आबादी वाले गांवों में सड़क पहुंचेगी। इसके अलावा, राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों को साथ लेकर एक समग्र नीति बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आपदा के कारण मार्ग एवं पुलों के बह जाने की दशा में यातायात को तुरंत सुचारू करने के लिए वैलीब्रिज स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, उत्तराखंड राज्य में महिलाओं का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए महिला नीति को यथाशीघ्र अधिसूचित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक विशिष्ट ‘युवा नीति’ बनाई जाएगी। इसके अलावा, आगामी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के जो खिलाड़ी मेडल जीतेंगे, उनको पुरस्कार हेतु नियत धनराशि के बराबर की धनराशि राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त रूप से प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से बाहर देश के दूसरे राज्यों में रहने वाले प्रवासियों के लिए प्रतिवर्ष नवंबर माह में ‘राष्ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, प्रतिवर्ष जनवरी माह में विदेशों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए ‘अंतराष्ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी दिवस’ का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांट्रैक्टर एवं अभियंताओं का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के लिए विशेष प्रक्रिया बनाई जाएगी। इसके अलावा, महिलाओं को प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की देखभाल हेतु ‘मुख्यमंत्री जच्चा-बच्चा प्रोत्साहन सहायता’ प्रदान करने के लिए कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।