देहरादून, 25 नवंबर 2024, सोमवार। उत्तराखंड पुलिस को लगभग एक साल के बाद अपना स्थायी मुखिया मिल गया है। 1995 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी दीपम सेठ को उत्तराखंड का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के संबंध में उत्तराखंड सरकार ने जानकारी दी है।
दीपम सेठ इससे पहले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। वह अविभाजित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति का आदेश राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी किया गया है।
दीपम सेठ 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिनव कुमार की जगह लेंगे, जो डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अभिनव कुमार ने पूर्व डीजीपी अशोक कुमार की सेवानिवृत्ति के बाद पिछले साल नवंबर में कार्यवाहक डीजीपी का पद संभाला था।