महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने और उनसे पैसों की वसूली करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति मुख्य आरोपी अनिल जयसिंघानी का करीबी है और फरारी के दौरान उसने ही अनिल को छिपने और एक जगह से दूसरी जगह आने में मदद की थी। बता दें कि मुंबई पुलिस अनिल जयसिंघानी को गिरफ्तार कर चुकी है और उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके सहयोगी निर्मल जयसिंघानी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी को छिपने में की मददपुलिस ने बताया कि अनिल जयसिंघानी की फरारी के दौरान निर्मल ने ही अपने नाम पर होटल के कमरे बुक किए, जिनमें अनिल ठहरा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने और धमकाने के मामले में आरोपी अनिश्का के खिलाफ दर्ज मुकदमे में वसूली की धारा भी जोड़ दी है। पुलिस ने बताया कि अनिश्का के खिलाफ दर्ज मामले में आईपीसी की धारा 385 भी जोड़ दी गई है।
सट्टेबाज की बेटी हो चुकी है गिरफ्तारअनिश्का पर आरोप है कि उसने दो वीडियो के आधार पर अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल किया और बदले में पैसों की मांग की थी। पुलिस ने अनिश्का को बीते गुरुवार को उल्हासनगर से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि अनिश्का ने अमृता फडणवीस को जो दो वीडियो भेजे थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 10 करोड़ रुपए की मांग की थी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने इन वीडियो को शूट किया था।
अमृता फडणवीस ने हाल ही में मुंबई पुलिस से शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने अनिश्का नामक डिजाइनर द्वारा उनसे 10 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। अमृता फडणवीस से करीब 16 महीने पहले ही अनिश्का की पहचान हुई थी। पुलिस ने गुजरात से अनिश्का के पिता और मामले के मुख्य आरोपी अनिल जयसिंघानी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अनिल जयसिंघानी सट्टेबाज है और 16 अन्य मामलों में आरोपी है।