नई दिल्ली, 15 अगस्त 2025: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे के दो अधिकारियों, उप निरीक्षक अनिल कुमार (आरपीएफ पोस्ट निजामुद्दीन) और सहायक उप निरीक्षक राजीव कुमार वशिष्ठ (आरपीएफ पोस्ट न्यू वाशिंग लाइन) को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें रेलवे सुरक्षा बल में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है।
दोनों अधिकारियों ने अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस उपलब्धि से दिल्ली मंडल के बल सदस्यों में विशेष उत्साह का माहौल है। उनके परिजनों ने भी इस सम्मान के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
दिल्ली मंडल के प्रमुख आशुतोष पाण्डेय ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर कहा, “दिल्ली मंडल में उत्कृष्ट सेवा प्रदान करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। भारतीय रेल के 68 मंडलों में से केवल 15 आरपीएफ सदस्यों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। दिल्ली मंडल से पहली बार दो सदस्यों का एक साथ चयन होना हमारे लिए गर्व का विषय है।”
इस उपलब्धि से उत्साहित मंडल रेल प्रबंधक, दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे ने भी दोनों अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कृत करने की घोषणा की है। यह सम्मान न केवल इन अधिकारियों की कड़ी मेहनत को दर्शाता है, बल्कि दिल्ली मंडल के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।