वायनाड, 11 नवंबर 2024, सोमवार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज केरल के दौरे पर हैं, जहां वे वायनाड और कोझिकोड में प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ रोड शो करेंगे। दोनों नेता सुल्तान बाथरी में सुबह 10:30 बजे पहले रोड शो में शामिल होंगे, इसके बाद तिरुवंबदी, कोझिकोड में दूसरे रोड शो में जाएंगे। यह वायनाड में हो रहे उपचुनाव के लिए है, जहां प्रियंका गांधी कांग्रेस महासचिव के रूप में चुनावी मैदान में हैं। आज लोकसभा उपचुनाव के प्रचार का आखिरी दिन है, और 13 नवंबर को मतदान होगा। प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं और वायनाड में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की उम्मीदवार हैं।
…तो इसलिए हो रहे उपचुनाव
वायनाड में उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन उन्होंने वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था। अब इस सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ सीपीआई से सत्यन मोकेरी और बीजेपी से नव्या हरिदास चुनावी मैदान में उतरी हैं।
कांग्रेस पार्टी की यह सीट काफी सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन दूसरी पार्टियां भी अपना दमखम आजमा रही हैं। लोग यहां के उपचुनाव में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं और सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि प्रियंका गांधी क्या वायनाड में जीत हासिल कर पाएंगी और वो अपनी जीत से राहुल गांधी के जीत का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगी।
उपचुनाव के मुख्य उम्मीदवार:
प्रियंका गांधी (कांग्रेस)
सत्यन मोकेरी (सीपीआई)
नव्या हरिदास (बीजेपी)
प्रियंका गांधी ने खुद संभाली है कमान
प्रियंका गांधी ने वायनाड में कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली है और आज राहुल गांधी के साथ रोड शो में भाग लेंगी। इससे केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह बढ़ गया है। प्रियंका और राहुल गांधी का लक्ष्य इस उत्साह को वोट में बदलना है, खासकर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में। कांग्रेस पार्टी ने वायनाड में प्रियंका गांधी को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने का लक्ष्य रखा है। राहुल गांधी ने पहले ही कहा है कि उनकी बहन प्रियंका गांधी उनसे बेहतर सांसद साबित होंगी।