पाकिस्तानी नौसेना ने रविवार को गुजरात तट पर स्थित एक भारतीय नाव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक भारतीय मछुआरे की दर्दनाक मौत हो गई है और एक मछुआरा घायल हो गया। मृतक मछुआरे का नाम श्रीधर बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया वहीं, घायल को द्वारका के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी नौसेना ने इस तरह की हरकत की है। इससे पहले भी पाक की तरफ से कई मछुआरे की तरफ से गिरफ्तारी की गई है। पिछले साल अप्रैल में भी पाकिस्तानी नौसेना ने दो नावों पर फायरिंग कर दी थी। उस वक्त नाव पर 8 लोग सवार थे। इस फायरिंग में उत्तर प्रदेश का रहने वाला एक शख्स जख्मी हो गया था।
मार्च में 11 भारतीय मछुआरों को किया था गिरफ्तार
इससे पहले पाकिस्तान ने मार्च में 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नौकाएं जब्त कर लिया था। वहीं फरवरी में भी पाकिस्तान ने 17 भारतीय मछुआरों को देश के जलक्षेत्र में कथित रूप से प्रवेश करने के लिए गिरफ्तार किया था और उनकी तीन नौकाओं को जब्त कर लिया था।
स्पष्ट सीमा न होने की वजह से घटती है घटना
हालांकि पाकिस्तान ही नहीं, भारत भी पाक के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं क्योंकि अरब सागर में समुद्री सीमा का कोई स्पष्ट सीमांकन नहीं है। वहीं मछुआरों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण नहीं दी गई है।