सूर्योपासना का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। श्रद्धालु पर्व की तैयारी में जुट गए हैं। जगह-जगह कृत्रिम घाट बनाए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार, एमसीडी एवं श्रद्धालु घाटों पर पुख्ता इंतजाम कर रहे है। छठ पर्व आयोजन समितियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम व व्रती को सुविधा प्रदान करने के लिए बंदोबस्त करने शुरू कर दिए हैं।
श्रद्धालुओं ने बुधवार को यमुना किनारे बने अस्थायी घाटों, तालाबों एवं अन्य स्थानों पर पूजा करने की तैयारी आरंभ कर दी। मलबा एवं गंदगी हटाने के साथ-साथ सफाई का कार्य आरंभ किया। इसके अलावा घाटों पर टैंट लगाने और लाइटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। पीने के पानी, शौचालय आदि इंतजाम करने के लिए कदम उठाए जा रहे है। इसी तरह घाटों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कूड़ा डालने की व्यवस्था की जा रही है।
छठ पर्व के अवसर पर आईटीओ पुल, कल्याणवास, कोंडली नहर, मयूर विहार फेज तीन, वजीराबाद पश्चिमी व पूर्वी तट, न्यू अशोक नगर हिंडन कट कैनाल, भलस्वा झील, माडल टाउन, जहांगीरपुरी झील, सूर्य घाट, कुदेसिया घाट, सोनिया विहार, गीता कालोनी, कालिंदी कुंज, मंगोलपुरी, इंडिया गेट, डीडीए पार्क डाबरी गांव, नगर वन पार्क, सागरपुर, छठ मंदिर शिवपुरी, छठ पार्क कैलाशपुरी, छठ मंदिर महावीर इंक्लेव पाकेट-पांच, निजामुद्दीन, राम घाट सिविल लाइन, राजीव कैंप गांधी नगर, गीता कालोनी व प्रीत विहार, किशनकुंज पुस्ता, प्रीत विहार, नरेला, नसीरपुर, भैरो मार्ग, यमुना बाजार, दुर्गा घाट, जैतपुर, बदरपुर, वसुंधरा इंक्लेव, चिल्ला गांव में यमुना नदी के किनारे बने अस्थायी घाटों व अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में पूर्वाचली पूजा करेंगे।