N/A
Total Visitor
34.3 C
Delhi
Tuesday, July 8, 2025

गोलियों से भूनकर पूर्व प्रधान की हत्या, फिर गांव में मनाया जश्न

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात से गांव में दहशत फैल गई है। आरोपियों ने पूर्व प्रधान की हत्या कर गांव वालों से कहा जो भी सामने आएगा उसे मार देंगे।

इस दौरान किसी ने भी हमलावरों के सामने आने की हिम्मत नहीं की। खास बात यह है कि इस हत्याकांड में दो महिलाएं (मां-बेटी) भी शामिल थी। वहीं वारदात के करीब आधा घंटे बाद दोनों महिलाओं ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

मेरठ-बागपत मार्ग स्थित नंगला गांव में मंदिर के पास किठौली के पूर्व प्रधान तेजपाल सिंह सैनी (55) की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। उनके बेटे अंकित को भी गोली मार दी गई। इसके बाद एक महिला अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची और तेजपाल की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने मां-बेटी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य लोगों को भी नामजद किया है। तेजपाल पर गिरफ्तार युवती से दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज था।

हत्या के बाद मां-बेटी ने थाने में किया सरेंडर

पूर्व प्रधान तेजपाल सिंह सैनी की हत्या करने के बाद मां-बेटी ने जानी थाने में सरेंडर किया तो दुष्कर्म पीड़ित युवती का मामा गांव किठौली पहुंच गया। उसने एलान किया किया जो भी सामने आएगा, उसे मार देंगे। तेजपाल के घर जाकर कहा कि मंदिर के पास शव पड़ा है, जाकर उठा लो। इसके बाद आरोपी ने गांव के लोगों को कोल्डड्रिंक पिलाकर जश्न भी मनाया। पूर्व प्रधान की हत्या से ग्रामीणों में आरोपियों के प्रति जबरदस्त गुस्सा है।

चलती रही गोलियां, राहगीर बनाते रहे वीडियो

घटनास्थल से 300 मीटर की दूरी पर तेजपाल सिंह के खेत हैं। पुलिस का दावा कि तेजपाल पर गोलियां बरसाईं गई, तो वहां से गुजर रहे लोग वीडियो बना रहे थे। गोली चलने से पहले दोनों पक्षों में हाथापाई भी हुई थी। लोगों ने तेजपाल सिंह को बचाने की कोशिश नहीं की और न ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस वीडियो हासिल करने कोशिश कर रही है।

पहले दरोगा और फिर तेजपाल ने किया था दुष्कर्म

पुलिस ने बताया कि एक ही खानदान के दो पक्षों में रंजिश चल रही है। आरोपी की भांजी पांच साल पहले लापता हो गई थी। दूसरे समुदाय के तीन युवकों को पकड़कर ब्रह्मपुरी पुलिस को सौंपा गया था। आरोप है कि थाने में तैनात दरोगा संजीव डोगरा लड़की को होटल ले गए और दुष्कर्म किया। इस मामले में दरोगा सस्पेंड हुआ था। लड़की अपने रिश्तेदार के पास किठौली गांव चली गई थी। लड़की ने तेजपाल और उसके बेटे अंकित पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसका मुकदमा जानी थाने में दर्ज है।

पुलिस ने जमीन की भी बताई रंजिश

पुलिस का दावा है कि तेजपाल की जमीन मेरठ-बागपत रोड पर आ रही है और आरोपी की जमीन मेन रोड से हटकर है। दोनों एक ही खानदान के हैं। बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी मारपीट हो चुकी है।

तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों ने बताया है कि तीन दिन पहले भी दोनों परिवारों के लोगों में विवाद हुआ था। तेजपाल पक्ष ने परिवार की लड़की से दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप दूसरे पक्ष पर लगाया था। इसको लेकर दोनों पक्षों में गांव में पंचायत भी हुई। हालांकि, पुलिस ने थाने में कोई तहरीर न आने की बात कही।

इंस्पेक्टर की मेज पर रख दी पिस्टल

तेजपाल की हत्या के बाद महिला अपनी बेटी के साथ दुपट्टे में पिस्टल लपेटकर शाम चार बजे जानी थाने पहुंची। महिला ने कहा कि हमने तेजपाल को मार दिया है। पुलिस को विश्वास नहीं हुआ तो महिला ने इंस्पेक्टर की मेज पर पिस्टल रख दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर संजय वर्मा ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने किठौली गांव में दबिश दी, जहां से महिला के भाई को भी गिरफ्तार कर लिया। बाकी दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

महिला बोली, फिर दुष्कर्म की देता था धमकी

महिला ने कहा कि तेजपाल की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। तेजपाल उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। कभी जमीन को लेकर परेशान करता था तो कभी बेटी से फिर दुष्कर्म करने की धमकी देता था। पुराने मामले में भी समझौते के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस ने दोनों को रात में महिला थाने भिजवा दिया।

newsaddaindia6
newsaddaindia6
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »