N/A
Total Visitor
34.2 C
Delhi
Thursday, August 7, 2025

‘राजधानी में साधारण परिवार की बेटी बनीं मुख्यमंत्री’, मोदी ने खींच दी महिला सम्मान की ‘रेखा’

नई दिल्ली, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। राजधानी में पूरे 27 साल बाद कमल खिला है। बीजेपी ने सत्ता में वापसी की है। दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हो गई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ‘येलो बुक’ में उल्लिखित सुरक्षा दिशानिर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री को यह सुरक्षा दी गई है। ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा के तहत गुप्ता की सुरक्षा में लगभग 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे जिनमें निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ), सुरक्षा दस्ते, निगरानी दल के अलावा और लगभग आठ सशस्त्र गार्ड शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि वह जमीनी स्तर से उठी हैं, कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं। उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।
आधी आबादी को साधा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद भाजपा को मिली ऐतिहासिक सफलता और लगभग दो हफ्ते के मंथन के बाद रेखा गुप्ता को सीएम बनाने का फैसला फौरी तौर पर चौंकाने वाला है। लेकिन जो भाजपा की रीति और नीति से वाकिफ हैं उन्हें पता है कि मोदी-शाह के दौर में भाजपा कोई भी फैसला तात्कालिक की बजाय दीर्घकालिक लक्ष्य को ध्यान में रखकर करती है। 21 राज्यों में एनडीए की सरकार है लेकिन कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं है। दिल्ली देश की राजधानी है और कॉस्मोपोलिटन सिटी भी। यहां देश भर के लोग रहते हैं। भगवा पार्टी को लगा कि महिला को सीएम बनाने से देश भर में महिला सशक्तिकरण को लेकर संदेश जाएगा।
रेखा गुप्ता किसकी राह पर चलेगी
दिल्ली में सत्ता में 27 साल बाद लौटी मुख्यमंत्री का ताज रेखा गुप्ता के सिर सजा है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर लगी है कि रेखा गुप्ता क्या शीला दीक्षित की तरह विभागों की जिम्मेदारी संभालेगी या फिर अरविंद केजरीवाल की तरह बिना मंत्रालय के काम करेंगी। हालांकि, बीजेपी के पहले के तीनों मुख्यमंत्रियों के पास मंत्रालय रखे हैं। इसीलिए माना जा रहा है कि रेखा गुप्ता अपने पास विभागों की जिम्मेदारी संभालेगी।
महिला दिवस बनेगा खास
16 दिन बाद 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा, लेकिन इस बार का महिला दिवस दिल्ली की महिलाओं के लिए खास होगा। उनके खाते में 2500 रुपये डाले जाएंगे। बीजेपी पार्टी ने जहां एक तरफ चुनाव जीतने के बाद इस बात का ऐलान कर दिया है कि रेखा गुप्ता दिल्ली की सीएम होंगी, वहीं दूसरी तरफ रेखा गुप्ता ने इस बात की घोषणा भी कर दी है कि महिलाओं से किया गया सहायता राशि का वादा सबसे पहले पूरा किया जाएगा और 8 मार्च को महिलाओं के अकाउंट में 2500 रुपये डाले जाएंगे।
हरियाणा से दिल्ली की दूसरी सीएम
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की ऐसी दूसरी मुख्यमंत्री हैं, जिनका संबंध भिवानी जिले से है। रेखा गुप्ता जींद जिले के जुलावा कस्बे की बेटी हैं। लेकिन भिवानी के बौंद गांव से भी उनका खास कनेक्शन है, जो कि अब चरखीदादरी जिले का हिस्सा है। दरअसल, बौंद गांव में रेखा गुप्ता का ससुराल है। रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता व्यवसायी हैं और मूल रूप से बौंद के रहने वाले हैं। हालांकि, मनीष का परिवार पिछले 50 सालों से दिल्ली में रह रहा है। पहले वे लोग दिल्ली के खारी बावली क्षेत्र में रह रहे थे। लेकिन अब करीब 30 सालों से शालीमार बाग के एपी ब्लॉक में रहते हैं। बच्चों की बात करें तो रेखा गुप्ता की बेटी का नाम हर्षिता और बेटे का नाम निकुंज है। हर्षिता आस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रही हैं। वहीं, बेटा दिल्ली में ही है।

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »