ब्रिटिश शाही घराने के सदस्य और द ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी के जीवन से जुड़ी किताब के प्रकाशन की तारीख आखिरकार सामने आ गई है। प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस ने आधिकारिक रूप से गुरुवार को प्रिंस हैरी के संस्मरणों पर आधारित इस किताब के कवर पेज और शीर्षक का अनावरण कर दिया।
इसके साथ ही अपने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी भी दी कि किताब 10 जनवरी 2023 में सबके सामने आएगी। बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के कारण इस किताब के कवर पेज और शीर्षक के अनावरण का कार्यक्रम टाल दिया गया था। ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी का निधन बीते माह आठ सितंबर को हुआ था।
10 जनवरी, 2023 को लोगों के सामने आएगी किताब
हैरी की किताब के कवर पेज को साझा करते हुए पेंगुइन रैंडम हाउस ने लिखा कि हम प्रिंस हैरी, द ड्यूक ऑफ ससेक्स की व्यक्तिगत और भावनात्मक पहलुओं से जुड़ी अच्छी कहानी की घोषणा करते हुए काफी उत्साहित हैं। साथ ही बताया कि इसका शीर्षक ‘स्पेयर’ होगा और यह 10 जनवरी, 2023 को लोगों के सामने आएगी।
अमेरिका और ब्रिटेन में एक साथ रिलीज होगी किताब
पेंगुइन रैंडम हाउस ने कहा कि वह इस किताब के जरिए दुनिया को हैरी की कहानी पूरी सच्चाई और ईमानदारी से बताएगा और ‘स्पेयर’ उत्तरी अमेरिका और ब्रिटेन में एक साथ प्रकाशित होगी। स्पेयर में प्रिंस हैरी के बचपन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक की कहानी बताई जाएगी। साथ ही संस्मरण में अफगानिस्तान में उनके सैन्य कर्तव्य के साथ-साथ मेगन मर्केल से शादी और बच्चों बेटे आर्ची (3) और बेटी लिलिबेट (1) के साथ रिश्ते के बारे में बताया जाएगा।
पत्नी और बच्चों के साथ एक आम जिंदगी जी रहे प्रिंस हैरी
प्रिंस हैरी एक शाही खानदान से होने के बावजूद कैलिफोर्निया में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक आम जिंदगी जी रहे हैं। वहीं उनसे जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज पर भी काम किया जा रहा है जो नेटफ्लिक्स पर आएगी, जिसमें हैरी के शाही पद छोड़कर कैलिफोर्निया में बसने के उनके जीवन को दर्शाया गया है। साथ ही उन्होंने एक बार बताया था कि वह अपनी आय से कुछ चैरिटी के लिए भी दान करते हैं।