वाराणसी, 9 दिसंबर 2024, सोमवार। वाराणसी में साइबर जालसाजों का आतंक बढ़ता जा रहा है! अगर आप लंका, भेलूपुर और कैंट इलाके में रहते हैं, तो आपको साइबर जालसाजों से सावधान रहना होगा। ये तीन क्षेत्र साइबर जालसाजों के निशाने पर हैं और यहां सबसे अधिक साइबर फ्रॉड की घटनाएं हो रही हैं।
साइबर क्राइम थाने के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 117 लोगों के 23 करोड़ रुपये साइबर जालसाजों ने 320 दिन के अंदर धोखे से हड़पे हैं। इसमें साढ़े तीन करोड़ रुपये ही रिकवर हो पाए हैं। साइबर जालसाजों से 50 लाख की संपत्ति जैसे कार, मोबाइल, लैपटॉप अन्य जब्त किए जा चुके हैं।
साइबर क्राइम थाने में पांच लाख तक या उससे अधिक साइबर धोखाधड़ी होने पर मुकदमा दर्ज किया जाता है। एक जनवरी से 15 नवंबर तक थाने में 117 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इसमें सर्वाधिक 21 केस लंका थाने क्षेत्र से आए हैं। इसके बाद 19 केस भेलूपुर और 12 केस कैंट, मंडुवाडीह क्षेत्र भी 10 केस हैं।
साइबर क्राइम थाने की टीम ने जनवरी से नवंबर तक 63 साइबर जालसाजों की गिरफ्तारी की है। लगभग 50 लाख की संपत्ति जैसे चार पहिया वाहन, बाइक, मोबाइल, लैपटॉप आदि जब्त कर चुकी है। साढ़े तीन करोड़ रुपये पीड़ितों का फ्रीज करते हुए रिकवर कराया जा चुका है।