नई दिल्ली, 27 जनवरी 2025, सोमवार। विवेक अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म ‘द दिल्ली फाइल्स: द बंगाल चैप्टर’ का टीजर जारी कर दिया गया है। इस टीजर में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के किरदार की पहली झलक दिखाई दे रही है, जिसमें वे संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए नजर आ रहे हैं।
फिल्म में भारतीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को दिखाया गया है, जो दो भागों में बनाई गई है। इसका पहला भाग ‘द दिल्ली फाइल्स – द बंगाल चैप्टर’ 15 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
विवेक अग्निहोत्री ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर फिल्म का टीजर साझा किया और लिखा, “यह फिल्म भारत के संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करती है… इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस अनकही कहानी का साक्षी जरूर बनें।”
विवेक अग्निहोत्री इससे पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ (2022), ‘द ताशकंद फाइल्स’ (2019) जैसी फिल्म बना चुके हैं। ‘द दिल्ली फाइल्स: द बंगाल चैप्टर’ का निर्माण अभिषेक अग्रवाल की निर्माण कंपनी ‘अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स’ के बैनर तले किया गया है। विवेक अग्निहोत्री की पत्नी पल्लवी जोशी भी फिल्म की निर्माता हैं।