नई दिल्ली, 10 नवंबर 2024, रविवार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने विपक्षी नेताओं पर भारतीय संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने न्यूज अड्डा इंडिया की वरिष्ठ पत्रकार अनिता चौधरी से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव जैसे नेता भारतीय संस्कृति, आस्था और इतिहास पर अभ्रद टिप्पणी करते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। तरुण चुग ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता वर्षों से महाकुंभ के रूप में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई जा रही है, लेकिन कुछ नेता इसे अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र पर टिप्पणी करना गैरकानूनी भी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी सनातन संस्कृति का अपमान करती आ रही है और इसका विरोध करना उनका शगूफा है।
तरुण चुग ने नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा – जम्मू कश्मीर को फिर से धारा 370 की जंजीरों से नहीं बांधा जा सकता
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने वरिष्ठ पत्रकार अनिता चौधरी से बातचीत में जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस ने हमेशा से ही जम्मू कश्मीर को दहलाने वाली सोच का समर्थन किया है। तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर को टूरिज्म कैपिटल बनाया है, जहां पहले यह टैररिज्म कैपिटल था। उन्होंने जम्मू कश्मीर में शांति लाई, 370 की जंजीरों से मुक्ति दिलाई और आतंकवाद का नाश किया। लेकिन अब नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस जम्मू कश्मीर की महिलाओं और दलितों के अधिकार छीनना चाहती हैं। वे डॉ आंबेडकर का दिया हुआ संविधान जम्मू कश्मीर से हटाना चाहती हैं। तरुण चुग ने ललकारते हुए कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत जम्मू कश्मीर को फिर से धारा 370 और 35(बी) की जंजीरों से नहीं बांध सकती है। बीजेपी यह दुर्भाग्यपूर्ण होने नहीं देगी।
तरुण चुग ने विपक्षियों के आरोपों का किया खंडन, कहा – कांग्रेस को एकता मंत्र की जगह टुकड़े टुकड़े की सोच अच्छी लगती है
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने विपक्षी नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और कांग्रेस गठबंधन के नेताओं को देश की एकता, अखंडता और मजबूती से डर क्यों लगता है? तरुण चुग ने आगे कहा कि कांग्रेस एक तरफ तो “भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह इंशा अल्लाह” कहने वालों को अपनी झोली में रखती है, दूसरी ओर उन्हें अपने टिकटों पर लड़ाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकता का सूत्र और अखंडता का सूत्र दे रहे हैं। भारतीयों को एक रहने के लिए यह एक अमृत मंत्र है। “एक रहना है, सेफ रहना है” यह एक अमृत मंत्र है देश की एकता और अखंडता का। लेकिन कांग्रेस को एकता मंत्र की जगह टुकड़े टुकड़े की सोच अच्छी लगती है।