विधानसभा चुनाव का परिणाम जारी होने के एक माह बाद आज सुक्खू सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। कांगड़ा से चंद्र कुमार, सोलन से धनीराम शांडिल, सिरमौर से हर्षवर्द्धन चौहान, शिमला से रोहित ठाकुर और किन्नौर से जगत सिंह नेगी को मंत्री बनाया जाना लगभग तय है। पहले चरण में सिर्फ पांच विधायकों को ही सुक्खू सरकार में मंत्री पद दिया जा रहा है। उधर, मंत्री बनने को सत्ता तक पहुंचाने वाले कांगड़ा और शिमला जिला के विधायकों को भी मंत्री बनने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
राजभवन शिमला में रविवार सुबह 10:00 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। सरकार से मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना मिलते ही शनिवार देर शाम को राजभवन सचिवालय ने शपथ समारोह की तैयारियां शुरू कर दीं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली से शिमला लौटे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की है। उधर, कांग्रेस हाईकमान ने विरोध से बचने के लिए पहले चरण में सिर्फ पांच मंत्री बनाने का फार्मूला तय किया है।