सूडान में चल रहे गृह युद्ध के बीच विभिन्न देशों से अपने नागरिकों को वहां से बाहर निकालने के लिए निकासी अभियान चलाए जा रहे हैं। इस गृहयुद्ध के बीच भारत द्वारा श्रीलंकाई नागरिकों को बाहर निकालने के प्रस्ताव की सराहना की है।
भारत की सराहना करते हुए श्रीलंका के विदेश मंत्री एमयूएम अली साबरी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा- “हम सूडान में अपने नागरिकों की स्थिति को बारीकी से देख रहे हैं। उन्हें वहां से निकालने के लिए सक्रिय और सुरक्षित निकासी पर भी काम कर रहे हैं। इस दौरान भारत द्वारा श्रीलंकाई नागरिकों को बाहर निकालने के प्रस्ताव की सराहना करते हैं। हमें उम्मीद है कि हम अपने नागरिकों को जल्द सुरक्षित वापस बुला लेंगे।”
सूडान में देश की सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच हिंसा में अबतक 400 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। सूडान में दोनों ही गुटों के जनरल ने 72 घंटे की सीजफायर के लिए सहमति जताई। इसके बाद विभिन्न देश अपने नागरिकों को बाहर निकालने का अभियान चला रहे हैं। यह सीजफायर 24 अप्रैल की आधी रात से शुरू होकर 72 घंटे तक रहेगी।
भारत ने अपने नागरिकों को सूडान से निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी चलाया है। इस युद्ध विराम के दौरान लगभग 500 भारतीय नागरिक पोर्ट सूडान पहुंच गए हैं।