नई दिल्ली/भोपाल, 11 अगस्त 2025: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर देश विरोधी ताकतों के दबाव में काम करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग न केवल देश को बदनाम कर रहे हैं, बल्कि चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, CAG और सेना जैसे संवैधानिक संस्थानों की मर्यादा को भी तार-तार कर रहे हैं। चौहान ने राहुल गांधी को “रणछोड़दास” करार देते हुए कहा कि वे झूठे आरोप लगाकर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।
EVM से वोटर लिस्ट तक: राहुल के बदलते आरोप
शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी पहले EVM पर सवाल उठाते थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद अब वोटर लिस्ट को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी झूठ बोलते हैं, ऑपरेशन सिंदूर पर झूठ बोला, सेना ने तथ्य रखे तो बोलती बंद। EVM पर सबूत नहीं दे पाए, अब वोटर लिस्ट पर आए हैं।”
कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल में जीत पर सवाल
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी और इंडी गठबंधन से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने कहा, “क्या कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल, झारखंड और तमिलनाडु में कांग्रेस और इंडी गठबंधन वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के कारण जीते? क्या राहुल और प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव ने भी ऐसी गड़बड़ियों से चुनाव जीते?” चौहान ने चुनौती दी कि अगर राहुल के पास सबूत हैं तो चुनाव आयोग को एफिडेविट क्यों नहीं दे रहे?
“देश को कमजोर करने की साजिश”
शिवराज ने आरोप लगाया कि राहुल और इंडी गठबंधन हारने पर संस्थानों पर दोष मढ़ते हैं, लेकिन जीतने पर चुप रहते हैं। उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, “ये लोग देश और लोकतंत्र को कमजोर करने का पाप कर रहे हैं। इनकी साजिशों से सावधान रहें।”
यह बयान राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा सकता है, क्योंकि शिवराज के तीखे हमले ने विपक्ष के खिलाफ बीजेपी के आक्रामक रुख को और मजबूत किया है।