नई दिल्ली, 9 जून 2025, सोमवार: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले सप्ताह दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। दूसरी ओर, मध्य भारत में मानसून की गतिविधियां ठप पड़ी हैं और इसके एक सप्ताह तक दोबारा सक्रिय होने के आसार नहीं हैं।
दिल्ली में गर्मी ने पकड़ा जोर
बीते शनिवार से दिल्ली में गर्मी की तीव्रता बढ़ने लगी है। सफदरजंग वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 39.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को तापमान 42°C तक पहुंच गया, और मंगलवार तक इसके 44°C के पार जाने की संभावना है।
इस सीजन की सबसे गंभीर हीटवेव
इस साल 16 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.3°C दर्ज किया गया था, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस सप्ताह यह रिकॉर्ड टूट सकता है। IMD के अनुसार, यह जून की आखिरी बड़ी हीटवेव हो सकती है। इसके बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है। मानसून की प्रगति 29 मई से रुकी हुई है और अब इसके 12 से 18 जून के बीच आगे बढ़ने के आसार हैं।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन तब तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।